
जमशेदपुर : विधायक सरयू राय की पार्टी भारतीय जनतंत्र मोर्चा (भाजमो) के कई पोस्टरों को फाड़ दिये जाने का मामला आया है. भाजमो के जमशेदपुर स्थित उलीडीह मंडल द्वारा दिपावली एवं छठ की बधाई प्रेषित करते हुए जमशेदपुर के मानगो पुल के साकची छोर पर लगाया गया बैनर असमाजिक तत्वों द्वारा फाड़ दिया गया. बैनर में जनता को शुभकामनाएं देते हुए विधायक सरयू राय की तस्वीर थी. मंडल अध्यक्ष प्रेम सक्सेना ने बताया कि क्षेत्र में स्तरहीन राजनीति की शुरूआत हो गई है. पूर्व में यह बैनर मानगो खुदीराम बोस चौक पर लगाया था किंतु भाजपा के कुछ नेताओं द्वारा विवाद उत्पन्न करने के बाद बैनर को मानगो पुल के साकची छोर पर स्थानांतरित कर दिया गया था लेकिन कुछ ही घंटों के बाद बैनर को फाड़ दिया गया. यह साफ दर्शाता है कि विधायक सरयू राय की स्वच्छ छवि और जनता के बीच सर्वाधिक लोकप्रियता से कुछ राजनीतिक दल घबरा रहें है और राजनीतिक द्वेष भाव में इस तरह का कृत्य कर रहें हैं. प्रेम ने स्थानीय थाना को भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है. इस मामले में भाजमो के नेताओं ने मानगो और उलीडीह थाना में शिकायत भी दर्ज करायी है.




