जमशेदपुर : टेल्को स्थित लेडी इंदर सिंह स्कूल में 10 दिसंबर को स्कूल के ही एक छात्र ऋषभ गुप्ता द्वारा स्कूल की शिक्षिकाओं और छात्राओं से छेड़छाड़ करने और तीसरी कक्षा के छात्र के साथ मारपीट करने के मामले में स्कूल की प्रिंसिपल द्वारा उसे 10 दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया गया था. जिसके कुछ दिन बाद ही शिक्षा विभाग के किसी अधिकारी द्वारा दबाव दिये पर उसका सस्पेंशन खत्म कर दिया गया. वहीं स्कूल में वापसी के साथ ही ऋषभ ने स्कूल में तोड़फोड़ के साथ ही स्कूल की प्रिंसिपल कनिका बोस के साथ मारपीट की. मामला इतना बढ़ गया कि स्कूल प्रबंधन को पुलिस को फोन कर बुलाना पड़ा. पुलिस ऋषभ गुप्ता समेत अन्य दो छात्र को उठा कर थाना ले गई, वहीं मामले की जानकारी लेने थाना गए एक पत्रकार के साथ टेल्को थाना प्रभारी अखिलेश्वर मंडल ने बदतमीजी की. थाना प्रभारी ने पत्रकार की मोबाइल छीनकर मोबाइल से फोटो डिलिट कर दिया. वहीं इस घटना से स्कूल प्रबंधन सहमा हुआ है. ज्ञात हो कि 10 दिसंबर को भी ऋषभ गुप्ता ने स्कूल की तीसरी कक्षा के छात्र की पिटाई कर दी थी. उस वक्त प्रिंसिपल ने खुलासा किया था कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की ओर से नौवीं कक्षा में ऋषभ का नामांकन करने का निर्देश आया था. इंट्रेस परीक्षा में ऋषभ ने अपनी शीट पर कुछ भी नहीं लिखा था, जिसकी जानकारी उन्होंने पदाधिकारी को दी थी. फिर भी पदाधिकारी ने आठवीं कक्षा में उसका दाखिला लेने को कहा था.







