
जमशेदपुर : कोरोना महामारी के लॉकडाउन 31 मई को समाप्त हो रहा है. लेकिन अभी तक व्यापारियों को अपनी दुकानें खोलने की अनुमति झारखण्ड सरकार द्वारा प्रदान नहीं किया गया है. इससे रोष में आकर जमशेदपुर के व्यापारियों ने चेबर को कड़ा संदेश दिया है कि इसके लिये उचित कदम उठाया जाये और सरकार से मांग की जाये कि दूसरे राज्यों की तरह झारखण्ड में भी दुकानों को शर्तों के साथ खोलने की अनुमति दी जाये. इसको लेकर शनिवार को सिंहभूम चैम्बर के द्वारा जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित चेंबर भवन में व्यवसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. इस बैठक में निर्णय लिया गया कि अगर झारखण्ड सरकार द्वारा 1 जून, 2020 से बाजारों और दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं दी जाती है तो व्यवसायी सड़क पर उतर आंदोलन करेंगे. इस विषय पर सिंहभूम चेंबर ने झारखण्ड के अन्य चेंबरो से अनुरोध किया कि इस आंदोलन में शामिल हों. इसके लिये आगे की रणनीति बनाने के लिए फिर से 1 जून को अगली बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अशोक भालोटिया, निवर्तमान अध्यक्ष एवं कैट के महासचिव सुरेश सोंथालिया, महासचिव भरत वसानी, उपाध्यक्ष ट्रेड एवं कॉमर्स विजय आनंद मूनका, मानव केडिया, नितेश धूत, दिनेश चौधरी, सचिव अनिल मोदी, महेश सोंथालिया, सत्यनारायण अग्रवाल, जमशेदपुर ज्वेलर्स एसोसिएशन के विपिन भाई अडेसरा, थोक वस्त्र विक्र्रेता संघ के स्वरूप गोलछा, डिस्ट्रब्यूटर्स एसोसिएशन के दिलीप गोयल के अलावा अन्य व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.






