चाईबासा : राज्य सरकार द्वारा ईचा डैम निर्माण अगले आदेश तक बंद करने के मद्देनजर ईचा डैम विस्थापित संघ ने आगामी 16 मार्च को आहूत प्रर्दशन को भी फिलहाल स्थगित कर दिया है। वहीं सर्वसम्मति से डूब क्षेत्र ग्रामीण व विस्थापितों ने रद्द एक माह का अल्टीमेटम दिया है कि जल्द ही इस परियोजना को रद्द किया जाए। अन्यथा 15 अप्रैल से तीव्र आंदोलन किया जाएगा।
साथ ही संघ यह भी एलान किया है कि जब तक ईचा डैम परियोजना बंद नहीं किया जाएगा, तब तक डूब क्षेत्र के ग्रामीणों का आंदोलन जारी रहेगा। यह निर्णय शनिवार को कुर्सी गांव में आयोजित बांध विस्थापित व डूब क्षेत्र के ग्रामीणों की सभा में लिया गया। इस सभा में मुख्य रूप से चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा भी शामिल हुए। सभा की शुरुआत में सभी ग्रामीणों ने राज्य सरकार और चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा के प्रति आभार व्यक्त किया कि सरकार तक डूब क्षेत्र के ग्रामीणों की आवाज चाईबासा विधायक ने पहुंचायी। वहीं सरकार ने भी डैम निर्माण कार्य पर फिलहाल रोक लगाई।
विनाशकारी परियोजन रद्द होने तक होगा आंदोलन : विधायक
सभा में विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि डैम फिलहाल बंद किया गया है। परियोजना रद्द होने तक लड़ाई लड़ी जाएगी। विधायक ने सभी ग्रामीणों से एकजुट रहने का आह्वान किया,और जहां जरूरत होगी सरकार को भी मदद की जाएगी। श्री बिरुवा ने कहा कि 15 अप्रैल के बाद आंदोलन और तेज किया जाएगा, ताकि केंद्र सरकार इस विनाशकारी परियोजना को पूरी तरह रद्द किया जा सके।
डूब क्षेत्र के ग्रामीणों से मिलेंगे सीएम
विधायक दीपक बिरुवा ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन खुद इस मामले में गंभीर है। श्री सोरेन योजना स्थल आकर डूब व विस्थापित होने वाले ग्रामीणों से मिलकर उनकी भावनाओं को जानेंगे। जल्द ही इसकी तिथि तय की जाएगी।
सभी का फर्ज है जनता का दर्द दूर करना
विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि सभी की जिम्मेदारी है कि जनता की समस्या दूर करें। श्री बिरुवा ने कहा कि इसमेंं कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। विधायक ने सभी जनप्रतिनिधियों व राजनीतिक दलों के नेताओं से जनहित में एकजुट होकर इस आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
तत्कालिक खुशी : मुकेश
मुकेश बिरुवा ने कहा कि सरकार का डैम निर्माण कार्य अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्देश तत्कालिक खुशी है। डैम पूरी तरह रद्द होना चाहिए। पूर्व सरकार ने नियम कानून को ताक में रखकर बांध निर्माण कार्य शुरू कराया था। सभा को झामुमो के केंद्रीय सदस्य सुभाष बनर्जी के अलावा दशकन कुदादा, मुंडा गंगाराम हेंब्रम, मुंडा हरीश सवैंया, मुंडा सुरेंद्र पाड़िया, मुंडा रायसिंह सामड, छोटा पूर्ति, जीवन पाड़िया, पलटन, गुलिया कुदादा, सुरेंद्र बिरुली, डोबरो तियु आदि ने भी संबोधित किया।














