
जमशेदपुर : जमशेदपुर को व्यवस्थित शहरों में गिना जाता है. लेकिन यहां कचड़ा के निष्पादन का कोई स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण मुसीबतें काफी ज्यादा होती जा रही है. कोरोना वायरस के खतरे के बीच लोगों के लिए मुश्किलें और बढ़ सकती है. कोरोना वायरस के खतरे के बीच और गंदगी में लोग जीने को विवश हो सकते है. इसकी बड़ी वजह यह है कि जमशेदपुर में कचड़ा का उठाव तो घरों से हो जा रहा है, लेकिन उसका निष्पादन ही बड़ी समस्या बन चुकी है. जमशेदपुर अक्षेस का सबसे बड़ा एरिया है. जमशेदपुर अक्षेस क्षेत्र में कचड़ा का उठाव होता आया है और उसको फिर से सोनारी मैरिन ड्राइव के पास स्थित गड्ढे में भरा जाता था. जहां कचड़ा का डंपिंग होता था, उस एरिया में स्थानीय लोगों ने कचड़ा को फेंकने से ही रोक दिया है. यह मुसीबत हो गया है कि आखिर कचड़ा कहां फेंका जाये. जमशेदपुर अक्षेस क्षेत्र के अधीन आने वाले एरिया में गंदगी को उठाकर सोनारी मैरिन ड्राइव के पास स्थित गड्ढे में ही फेंक दिया जाता है, लेकिन यहां लोगों के रोक दिये जाने के बाद अब जगह नहीं बच पाया है. पहले बाबूडीह बस्ती के पास नदी किनारे कचड़ा फेंका जाता था, लेकिन उसको भी रोक दिया गया है. इसके अलावा को-ऑपरेटिव कॉलेज के पास के गड्ढे को भी भरा जाता था, लेकिन उसको भी रोक दिया गया है. अब जमशेदपुर अक्षेस के पदाधिकारियों के समक्ष समस्या यह है कि उनके पास कोई निश्चित जगह नहीं है कि कचड़ा का उठाव घरों से करेंगे तो कहां फेंकेंगे. यह बड़ी समस्या पैदा हो गयी है. वैसे मानगो का भी कचड़ा भी सोनारी मैरिन ड्राइव के पास के गड्ढे में ही फेंका जाता था, लेकिन अब वे लोग भी वहां नहीं फेंक पा रहे है. हालांकि, हाइवे पर एक बड़े गड्ढा में डाला जाता है, लेकिन चूंकि दूर होता है, इस कारण वहां जाना कोई ट्रांस्पोर्टर नहीं चाहता है. इस कारण समस्या मानगो के लिए भी है. जुस्को के लिए बाबूडीह एरिया में डंपिंग यार्ड है, जहां कचड़ा फेंका जा रहा है, लेकिन वह भी भरने की स्थिति में आ चुका है.

समस्या का निबटारा होगा, रास्ता निकाला जा रहा है : मानगो अक्षेस
समस्या का निबटारा होगा. सही बात है कि कचड़ा फेंकने से रोका गया है, लेकिन इसको लेकर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जायेगी. इसके लिए रास्ता निकाला जा रहा है. इस बारे में वरीय अधिकारियों से वार्ता कर रास्ता निकाला जा रहा है. -दीपक सहाय, विशेष पदाधिकारी, मानगो अक्षेस
कचड़ा का निष्पादन का कोई समस्या नहीं : जुगसलाई नगपालिका
जुगसलाई नगरपालिका के लिए अलग से इंतजाम है. यहां का कचड़ा जुगसलाई क्षेत्र के ही गडढे में फेंका जाता है. इस कारण यहां कोई समस्या नहीं है. -जगदीश यादव, विशेष पदाधिकारी, जुगसलाई नगरपालिका
कचड़ा फेंकना समस्या है, लेकिन अभी कोई समस्या नहीं : जुस्को
कचड़ा फेंकने को लेकर हम लोगों का स्थान सुनिश्चित है. वहां फेंका जा रहा है. वहां कोई दिक्कत नहीं है. जमशेदपुर अक्षेस के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाता है. अगर दिक्कत होगी तो उसका रास्ता निकाला जायेगा. अभी फिलहाल जुस्को के कचड़ा निष्पादन में कोई समस्या नहीं है. -सुकन्या दास, प्रवक्ता, जुस्को
कचड़ा का निष्पादन बड़ी समस्या है, रास्ता निकल जायेगा : जमशेदपुर अक्षेस
कचड़ा का उठाव होता है. इसका निष्पादन सोनारी में किया जाता था, लेकिन कुछ दिनों से लोगों ने कचड़ा को फेंकने से रोक दिया है. यह विधि-व्यवस्था की समस्या है. इसका रास्ता बहुत जल्द निकल जायेगा. -सिटी मैनेजर, जमशेदपुर अक्षेस






