
चाईबासा : कोविड-19 व लॉकडाउन की इस आपात स्थिति में खाद्यान्न वितरण में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरतने का निर्देश विधायक दीपक बिरुवा ने दिया है। उक्त निर्देश श्री बिरुवा ने गुरुवार को हाटगम्हरिया प्रखंड कार्यालय सभागार में पीडीएस संचालकों के साथ बैठक में दिया। बैठक में विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि पीडीएस संचालकों को ईमानदारी से काम करने के साथ खाद्यान्न वितरण पंजी सही और अपडेट रखने का भी निर्देश दिया। विधायक श्री बिरुवा ने आपात स्थिति में सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार खाद्यान्न वितरण करने को कहा। बैठक में यह बात भी सामने आई कि कई गरीब जिनका अंत्योदय कार्ड होना चाहिए, उनको सफेद कार्ड जारी कर दिया गया। इस कारण खाद्यान्न का उचित लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। इस पर विधायक दीपक बिरुवा ने पीडीएस संचालकों को अपने अपने क्षेत्र के वैसे गरीब लाभुक जिनका सफेद कार्ड है, वैसे लोगों की सूची तीन दिन के अंदर तैयार कर मुंडा या मुखिया के अनुशंसा के साथ बीडीओ को सौंपने का निर्देश दिया। ताकि जल्द ही जरुरतमंद लाभुकों की त्रुटि दूर किया जा सके। बैठक की अध्यक्षता करते हुए बीडीओ परमेश्वर कुशवाहा ने डीलरो को सरकार के दिशा-निर्देश बताए। वहीं बीडीओ ने कहा कि लाभुकों को उनका पूरा हक मिलना चाहिए। राशन वितरण में किसी तरह की अनियमितता नहीं होनी चाहिए।

डीलरों ने विधायकों को सौंपा ज्ञापन
बैठक में पीडीएस संचालकों ने विधायक को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विधायक से अपनी समस्याओं को दूर करने की मांग की। डीलरों ने कहा कहा कि कार्डधारियों के सदस्यों का नाम जोड़ने का कार्य लंबित है इसे पूरा कराया जाए। डीलरों को गोदाम से खाद्यान्न कम मात्रा में दिया जाता है, इसलिए परिवहनकर्ता द्वारा हर दुकान में मशीन से वजन कर खाद्यान्न उतारा जाए। किरासन तेल की आपूर्ति स्थानीय डीपो दर्शाया 5 लीटर तक कम दिया जाता है, इसे सुधारा जाए। सभी पीडीएस संचालकों को आफलाइन मोड या ऑनलाइन तरीका लागू कराया जाए। पीडीएस संचालकों को किरासन और मुफ्त वितरण किए गए अनाज का कमीशन का भुगतान डीबीटी के माध्यम से कराने का अनुरोध किया। विधायक दीपक बिरुवा डीलरो की समस्या बिंदुवार सुनते हुए समस्याओं का निदान कराने की बात कही। बैठक में प्रखंड प्रमुख सुशील कुमार बिरुवा ने विधायक दीपक बिरुवा से झींकपानी प्रखंड स्थित हाटगम्हरिया के गोदाम को हाटगम्हरिया प्रखंड में बने गोदाम में शिफ्ट कराने का निवेदन किया। इस पर विधायक ने शीघ्र कदम उठाने की बात कही। बैठक में प्रमुख सुशील कुमार बिरुवा, उप प्रमुख प्रमिला पाट पिंगुवा समेत 43 पीडीएस डीलर उपस्थित थे।






