
चाकुलिया : कोरोना वायरस का डर अब ग्रामीणों के सर चढ़कर बोलने लगा है. गुरूवार को प्रखंड की सोनाहातु पंचायत के मुटुरखाम गाँव के मध्य बिधालय में प्रशासन द्वारा क्वारंटाइन केन्द्र बनाये जाने का ग्रामीणों ने विरोध किया. आज हावड़ा से गांव के एक मजदूर जब बंगाल से गांव पहुंचा तो प्रशासनिक पदाधिकारी उस मजदूर को विद्यालय में क्वारंटाइन किया गया. यह देख ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया. ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय गांव के बीच है, पास में बैंक और चापाकल है जिसका प्रयोग ग्रामीण पीने का पानी लेने के लिए करते हैं. ऐसे में विद्यालय में क्वारंटाइन करने से गांव में संक्रमण फैलने का खतरा है. ग्रामीणों ने मांग की कि प्रशासन क्वारंटाइन केन्द्र गांव से बाहर किसी विद्यालय में बनाये. ग्रामीणों द्वारा विरोध करने की सूचना पाकर सीओ अरविंद ओझा, बीडीओ लेखराज नाग और थाना प्रभारी अनिल नायक गांव पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया. पदाधिकारियों ने कोरोना वायरस के फैलने और उसकी रोकथाम करने की जानकारी देकर ग्रामीणों को जागरूक किया.













