
चाकुलिया : कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लाक डाउन की घोषणा की है. लाक डाउन होने से बाहर राज्य में फंसे मजदूर किसी तरह अपने राज्य जा रहे हैं. शनिवार को महाराष्ट्र से दो ट्रक पर मजदूर सवार होकर पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर जाने के लिए चाकुलिया के रास्ते झारखंड सीमा पारकर बंगाल प्रवेश किया. ट्रक पर मजदूर इस कदर लोड थे मानों एक के उपर एक मजदूर लदा हो. दो ट्रक पर करीब 200 मजदूर झारखंड से बंगाल प्रवेश किया.
मजदूरों से भरा ट्रक जैसे ही चाकुलिया बाजार में प्रवेश किया, वैसे ही कंटेनमेंट जोन में सहयोग कार्य कर रहे युवकों ने दोनों ट्रक को बाजार से हटाकर बाइपास के रास्ते उन्हें बंगाल जाने वाली सड़क तक पहुंचाया. ट्रक में लोड मजदूरों से जब बात की गयी, तो मजदूर काफी डरे और सहमें थे. उनके चेहरे पर डर साफ दिख रहा था. मजदूर कुछ भी बताने से हिचकिचा रहे थे. मजदूरों ने सिर्फ इतना ही कहा कि वे सभी महाराष्ट्र से ट्रक पर सवार होकर बंगाल के दुर्गापुर जा रहे हैं.







