
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन अपने यहां से प्रवासी मजदूरों को वापस भेजने में किस कदर की लापरवाही बरत रही है, यह सहज ही समझा जा सकता है. उत्तर प्रदेश मजदूरों को भेजा जा रहा था. इसके लिए सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने बस उपलब्ध करायी. बकायदा दंडाधिकारियों को तैनात किया गया. लेकिन एनएच 33 पर पहुंचते ही यह बस रुक गयी. इस बस में डीजल ही नहीं भराया गया था, तो कैसे चलती, सो रास्ते में ही खड़ी हो गयी. पहले से ही बदहाल मजदूरों की हालत भीषण गरमी में और खराब हो गयी. बस के चालक ने कहा था कि गाड़ी में तेल कम है, रामगढ़ पार नहीं कर पायेगा, लेकिन चालक को कहा गया कि तुम जाओ अपना एकाउंट नंबर दों, पैसे भेज दिये जायेंगे, लेकिन पैसे नहीं भेजे गये.

अंतत: बस खड़ी हो गयी. सरायकेला-खरसावां के डीटीओ से भी बात हुई थी. उनका कहना था कि जहां तक गाड़ी जा रही है, वहां तक जाये. इसके बाद बात कीजियेगा. बिना पैसे के लोगों को भेज दिया गया. ना तो डीजल दिया गया, ना खाने का कोई इंतजाम किया गया और फइर सबको उत्तर प्रदेश तक जाना है. अब तेल खत्म हो चुका है तो लोग सड़कों के किनारे ही रुके हुए है.

यह कह दिया गया है कि अभी पैसे आज नहीं मिल सकेगा, थोड़ा इंतजार कल तक का कर लो. इसके बाद सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन के खिलाफ बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने ट्विट कर दिया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक मामला पहुंच गया, जिसके बाद डीजल का इंतजाम कराया जा रहा है. लेकिन सरायकेला-खरसावां जिले के कुछेक पदाधिकारियों के कारण झारखंड की सरकार को ही शर्मसार होना पड़ा, इससे ज्यादा दुर्भाग्य की बात और क्या हो सकती है.















