
जमशेदपुर : मानगो थाना अंतर्गत आजाद बस्ती रोड नंबर 6 ई में चुना शाह बाबा के मजार में मुजावर करने वाले 45 वर्षीय शाहिद बाबा ने फंदे के सहारे झूल कर आत्महत्या कर ली. उधर इस घटना के बाद बाबा के चाहने वालों में घोर मायूसी देखी गई. बताया जाता है कि बाबा पिछले 25 सालों से चुना शाह बाबा की मजार पर मुजाबिरी करते थे. वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. बताया जाता है कि लॉकडाउन के बाद से ही बाबा काफी तनाव में थे और मजार से बीच-बीच में अपने बड़े भाई के घर आ जाया करते थे. जहां बीती रात बाबा खाना पीना खाकर अपने कमरे में सोने चले गए थे. सुबह जब बाबा का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार वालों ने पड़ोसियों के सहारे दरवाजे को तुड़वाया, तो देखा बाबा घर में पंखे के सहारे रस्सी से झूल रहे हैं. जिसकी सूचना आनन-फानन में परिवार वालों ने मानगो थाना पुलिस को दी. वहीं मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जाता है कि बाबा काफी नेक दिल इंसान थे और बचपन से ही उनका झुकाव चुना शाह बाबा के प्रति था. 10 साल की उम्र से ही उन्होंने फकीरी का रास्ता चुन लिया था और तब से लेकर अब तक वे मुजाबिरी कर समय बिता रहे थे. पिता की मौत के बाद बाबा को बड़े भाई ने बड़े लाड़ प्यार से पाला था. उनका एक अन्य भाई भी है जो परिवार से अलग रहता है उसने कभी भी बाबा की सुध लेने का प्रयास नहीं किया. हालांकि मौत की सूचना मिलने के बाद उन्हें भी गहरा सदमा लगा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है.







