
जमशेदपुर : जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) की ओर से बुधवार को कई कार्रवाई की गयी. इसके तहत कोरोनावायरस के संक्रमण को देखते हुए खुले में खाने-पीने की सामग्री, समोसा, लिट्टी, चोखा, जूस, लस्सी, सत्तू इत्यादि बेचने वालों पर कार्रवाई की गयी. उनको कहा गया कि वे लोग अभी दुकान नहीं खोल सकते हैं, जब तक कि सरकार का आदेश नहीं आता है. सुरक्षा मानक को ध्यान रखते हुए बिना मास्क और हाथ धोने की पूर्ण व्यवस्था करते हुए अगले आदेश तक प्रतीक्षा करें. बिष्टुपुर से लेकर बारीडीह मार्केट तक और साकची से लेकर भालुबासा तक सभी जगहों पर दुकानदारों को चेतावनी दी गयी और उनको बंद करने को कहा गया. जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति का उड़नदस्ता दल द्वारा यह कदम उठाया गया.

पुस्तक दान अभियान
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा वार्षिक पुस्तक दान अभियान चलाया जा रहा है, जहां लोगों द्वारा पुस्तक दान किया जा रहा है. इस पहल की प्रशंसा करते हुए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति कार्यालय में लोग पुस्तक जमा करने के लिए आने लगे हैं और इस प्रयास को सराहनीय करते हुए बुक बैंक बनाने का अपील की है. इससे गरीब बच्चों को तथा वैसे बच्चे जिन्हें पुस्तक की कमी कारण पढ़ाई में दिक्कत होती है वे जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के माध्यम से लाभ ले सकते हैं.

प्लास्टिक उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई
प्लास्टिक का खुलेआम धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है, जहां कई छोटे दुकानदार प्लास्टिक को बेच रहे थे, जिन्हें चेतावनी देकर उनकी प्लास्टिक को जब्त किया गया. एक तरफ जहां लॉक डाउन के दरमियान पूरे जमशेदपुर का पर्यावरण दुरुस्त हुआ है, वहीं दूसरी तरफ कचरा प्रबंधन करने में लोगों से अपील की जा रही है कि वही इन छोटे व्यापारी द्वारा बार-बार समझाने के बावजूद खुलेआम प्लास्टिक का प्रयोग किया जा रहा है. लगभग 20 दुकानों से प्लास्टिक 15 किलो जब्त किया गया और उन्हें चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस प्रकार अगर दोबारा गलती करेंगे तो उन पर कार्रवाई कर जुर्माना वसूला जाएगा. लोगों से और दुकानदारों से जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा अपील की गयी है कि प्लास्टिक का उपयोग नहीं करें यह पर्यावरण और उर्वरा शक्ति दोनों के लिए बाधक है.







