
जमशेदपुर : गम्हरिया स्थित एक्सआईटीई कॉलेज में शनिवार को कॉलेज के इंटरनल एश्योरेंस सेल की ओर से एक वेबिनार का आयोजन किया गया. वेबिनार का विषय था-टुवर्ड्स द आत्मनिर्भर भारत-ए मैनेजमेंट पर्सपेक्टिव. वेबिनार में मुख्य वक्ता एक्सएलआरआई के मार्केटिंग विभाग के प्रो संजीव वार्ष्णेय ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए बताया कि युवा पीढ़ी प्रतिकूल परिस्थितियों से निकल कर किस तरह नये अवसरों की खोज व स्वरोजगार प्राप्त कर सकती है. प्रो (डॉ) वार्ष्णेय ने कहा कि नये उद्यमी को इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि उपभोक्ता का खरीद व्यवहार कैसे बदलने जा रहा है. एक नये उद्यमी के रूप में सफल होने के लिए पांच चीजों का ध्यान रखना महत्वपूर्ण हैं. इसमें आइडिया, टीम, टाइमिंग, बिजनेस मॉडल व फंडिंग शामिल है. उन्होंने कहा कि मौजूदा उद्यमियों को अपने पारंपरिक व्यवसाय के बारे में भावुक नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें पुनर्विचार कर अपने व्यवसाय का पुनर्गठन करना चाहिए. इसके साथ ही वेबिनार के विषय वस्तु पर उन्होंने विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण जानकारी दी. वेबिनार के प्रतिभागी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्होंने अनुरोध किया कि वे अपने विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ ही उन्हें वास्तविक परिस्थियों से भी अवगत करायें और उन्हें प्रतिकूल परिस्थिति को अवसर में बदलने के लिए प्रेरित करें. डॉ वार्ष्णेय ने कहा कि वर्तमान परिस्थिति में जिस तरह ऑनलाइन माध्यम से पठन-पाठन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, यह भी स्वनिर्भर शिक्षण प्रणाली और नये अवसर खोज निकालने का एक उदाहरण है.

कार्यक्रम में जेएनयू, कोलकाता यूनिवर्सियी, दिल्ली यूनिवर्सिटी, जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी समेत विभिन्न यूनिवर्सिटी व कॉलेजों के शिक्षक-शिक्षिका, छात्र-छात्राएं व शोधार्थियों ने भाग लिया. वेबिनार में प्रतिभागियों की संख्या लगभग 825 थी. कार्यक्रम के अंत में एक ओपन हाउस सेशन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने विचार रखे तथा डॉ वार्ष्णेय से प्रश्न पूछे. वेबिनार का मेजबानी एक्सआईटीई कॉलेज के पैरेंट इंस्टीट्यूशन एक्सएलआरआई की ओर से की गयी. वेबिनार का संचालन कॉलेज के प्राचार्य व आईक्यूएसी के चेयर पर्सन डॉ फादर फ्रांसिस ने किया. धन्यवाद ज्ञापन आईक्यूएसी को-ऑर्डिनेटर डॉ पार्थ प्रिय दाश ने किया. वेबिनार में कॉलेज के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए.


















