
जमशेदपुर : शनिवार को जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज के कार्यालय, क्लासरूम, लेबोरेटरी, लाइब्रेरी, प्राचार्या कक्ष, अकाउंट सेक्शन, स्टाफ रूम व ऑडिटोरियम सहित कैंटीन और बीएड बिल्डिंग को सैनिटाइज कराया गया। प्राचार्या प्रो (डॉ) शुक्ला महांती ने पिछले शुक्रवार को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से टेलीफोन पर वार्ता करके महाविद्यालय को सैनिटाइज कराने के संबंध में आग्रह किया था। परिणामस्वरूप शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आकर महाविद्यालय परिसर स्थित अधिकांश कार्यालयों और इमारतों को सैनिटाइजर का छिड़काव करके संक्रमण मुक्त किया। प्राचार्या ने बताया कि महाविद्यालय के सभी कार्यालय अपनी पूरी गति से कार्य कर रहे हैं। यूजीसी, केन्द्र और राज्य सरकार के प्रोटोकॉल के अनुसार कार्यस्थल को कोरोना महामारी को देखते हुए सुरक्षित बनाया जाना आवश्यक है। हम अपने कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए पूरी तरह से स्वच्छ और सुरक्षित कार्यस्थल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसलिए स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के तत्पर सहयोग से यह काम पूरा करा लिया गया है। बची हुई इमारतों को सोमवार को सैनिटाइज कराया जाएगा। सैनिटाइजेशन के दौरान प्रधान सहायक विशंभर यादव, परीक्षा विभाग के अनिकेत महांती सहित इलेक्ट्रीशियन रंजीत कुमार और सहयोगी बाबूराम उपस्थित थे।


















