
जमशेदपुर : कोरोना काल व लॉकडाउन के दौरान नियमों का पालन सुनिश्चित करानेवाले अधिकारी के कार्यालय परिसर में ही उसकी अनदेखी होने लगे, तो आम जगहों पर क्या होगा. जी हां, ऐसी ही एक लिखित शिकायत संयुक्त युवा संघ ने उपायुक्त (डीसी) कार्यालय में की है. शिकायत पत्र में संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रवि सिंह चंदेल ने कहा है कि आये दिन विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि व लोग उपायुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपने आ रहे हैं, देखा जा रहा है कि उनके द्वारा न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाता है और न ही अधिकांश लोग मास्क लगाये होते हैं. सिर्फ दो-चार लोग ही मास्क पहने व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते नजर आते हैं. इस प्रकार की हरकत करनेवाले अपने-आप को किसी समाज व संगठन का प्रतिनिधि बताते हैं. चंदेल ने उपायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा है कि कोरोना काल में आपके आदेश से ही पूरे जमशेदपुर में नियमों का पालन कराया जा रहा है. वहीं आप ही (डीसी) के कार्यालय में पहुंच कर सोशल डिस्टेंसिंग का न मानना, मास्क न पहनना अत्यंत ही दु:खद है. अत: इस पर आवश्यक कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि लोगो में एक प्रभावशाली संदेश जाये.


















