
श्रीनगर : कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के मालबाग इलाके में बीती रात सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में झारखंड साहेबगंज निवासी सीआरपीएफ जवान कुलदीप उरांव शहीद हो गए. साथ ही एक जवान जख्मी भी गया है. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने यह जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक सुरक्षाबल और आतंकवादियों की तलाश में जुटे हैं. इलाके की घेराबंदी की गई है. मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक हेड कॉन्स्टेबल कुलदीप उरांव शहीद हो गए. कुलदीप सीआरपीएफ की 118वीं बटालियन में पोस्टेड थे. अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ हजरतबल दरगाह के पास स्थित मालबाग इलाके में मुठभेड़ हुई. खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान चलाया. तलाशी अभियान चलाया जा रहा था तभी छिपे हुए आतंकवादी ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चला दी. उसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई. घटनास्थल पर मौजूद सुरक्षाबल के अधिकारियों ने बताया कि शुरू में सीआरपीएफ के तीन जवान जख्मी हुए. घायल जवानों को 92-बेस सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया. मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया. इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलायी. कुलदीप के पिता घनश्याम उरांव सीआरपीएफ के रिटायर्ड जवान हैं. कुलदीप की पत्नी कोलकाता पुलिस में कॉन्स्टेबल है. कुलदीप के दो छोटे बच्चे हैं, जो अपनी मां के साथ कोलकाता में रहते हैं. साहेबगंज में उनके पिता और भाई रहते हैं. शहीद के पिता घनश्याम उरांव ने कहा कि सीआरपीएफ में मैंने भी सेवा की है और मेरे बेटा भी सीआरपीएफ में सेवा करते हुए शहीद हुआ है. इस बात का हमें गर्व है, लेकिन सरकार को आतंकवादी घटनाओं से सबक लेते हुए कोई स्थाई निदान करना चाहिए, ताकि हमारे वीर जवान इस तरह शहीद न हों.







