
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित बाबा बैजनाथ सेवा संघ पिछले 3 वर्षों से शिव भक्तों के लिए नि: शुल्क कांवर यात्रा का आयोजन करते आया है. इस वर्ष भी सावन के महीने में आगामी 11 जुलाई को 500 शिवभक्तों को बस के माध्यम से सुल्तानगंज ले जाने की योजना बाबा बैजनाथ संघ ने बनाई थी. लोगों का पंजीकरण भी कर लिया गया था. कोविड-19 के कारण उच्च न्यायालय ने कांवर यात्रा पर रोक लगा दी है. संघ के संयोजक विकास सिंह ने बताया कि न्यायालय का सम्मान करते हुए कांवर यात्रा को रद्द कर दिया गया है. इससे पंजीकृत भक्तों के बीच निराशा देखने को मिल रही है. विकास सिंह ने कहा कि इस वर्ष जब कभी भी आम जनमानस के लिए बाबा बैजनाथ मंदिर का पट खुलेगा. तब पंजीकृत सभी 500 शिवभक्तों को दर्शन कराने के लिए जरूर लेकर जाऊंगा. इसके साथ ही विकास सिंह ने सभी भक्तों से अपील की है कि इस वैश्विक महामारी से निजात पाने के लिए सावन में प्रत्येक दिन आप सभी भक्त भोलेनाथ की आराधना करें और जलाभिषेक करें. विकास सिंह ने कहा कि ईश्वर कृपा से यह मुसीबत जरूर टल जाएगा और अगले वर्ष 2021 में पुनः निशुल्क कावड़ यात्रा का आयोजन होगा.






