
नयी दिल्ली : कोविड-19 की वजह से पिछले मार्च माह से बंद स्कूलों को खोलने को लेकर केंद्र सरकार अपने स्तर से तैयारी कर रही है. माना जा रहा है कि एक सितंबर से स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से खोलने की तैयारी चल रही है. हालांकि देश में कोरोना वायरस के मामले 20 लाख के आंकड़े को पार कर चुके हैं. लेकिन इस बीच एक सितंबर से 14 नवंबर के बीच स्कूलों समेत अन्य शैक्षणिक संस्थानों को चरणबद्ध तरीके से खोलने की योजना पर सरकार कामकर रही है. जानकारी के अनुसार इस योजना पर सचिवों के एक समूह के बीच विचार-विमर्श भी हो चुका है. वहीं स्कूलों को खोलने की योजना से संबंधित जिम्मेदारी मंत्रियों के एक दल को सौंपा गया है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन इस दल का नेतृत्व कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि इस महीने के अंत तक कोरोना के लिए फाइनल अनलॉक गाइडलाइन जारी होने की उम्मीद है जिसमें इस फैसले को सरकार अधिसूचित कर सकती है.एक रिपोर्ट के अनुसार स्कूलों को खोलने को लेकर फैसले के बारे में इस महीने के अंत तक सरकार दिशा-निर्देश जारी कर सकती है. अंतिम निर्णय राज्य सरकारों पर छोड़ दिया जाएगा कि वे कैसे और कब छात्रों को कक्षाओं में वापस स्कूल लाती हैं और कक्षा का संचालन करवाती हैं. अगले अनलॉक की गाइडलाइन में स्कूल के खुलने की संभावना है, जो 1 सितंबर से लागू होगा. उल्लेखनीय है कि हाल ही में स्कूलों को खोलने को लेकर केंद्र सरकार ने स्कूल, अभिभावक व स्कूल प्रबंधन से फीडबैक भी मांगा था.








