
जमशेदपुर : वैश्विक महामारी के बाद उपजे हालात को देखते हुए केंद्र सरकार एवं स्वास्थ्य मंत्रालय के गाइडलाइन के तहत देशभर के मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों को बंद करने का फरमान जारी कर दिया गया था. वैसे सात महीने बाद धीरे-धीरे अब देश में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इधर झारखंड में भी सरकार की ओर से जनजीवन सामान्य किए जाने को लेकर समय-समय पर दिशा निर्देश जारी किए जा रहे हैं.

इधर राज्य सरकार के निर्देशानुसार गुरुवार को राज्य भर में धार्मिक स्थलों के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोले गये, लेकिन इसके लिए जरूरी एहतियात बरतने का भी निर्देश दिया गया है. वहीं मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों के पट खोलने का निर्देश मिलते ही पुजारियों एवं धर्म गुरुओं के साथ भक्तों एवं श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है. त्योहारी सीजन के बीच मंदिरों के पट खुलने से भक्तों में उत्साह देखा जा रहा है. वैसे राज्य में कोरोना का कहर अभी समाप्त नहीं हुआ है, लेकिन जरूरी एहतियात के साथ जनजीवन सामान्य बनाने को लेकर राज्य सरकार ने यह फैसला लिया है जिसका सभी स्वागत कर रहे हैं.







