
जमशेदपुर : मानगो इलाके में आगामी दिनों में जल का संकट बढ़ने की आशंका है. मानगो के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के कर्मचारी प्रबंधन द्वारा बोनस नहीं दिए जाने से नाराज हैं और उन्होंने शनिवार से पूर्ण रूप से कार्य को ठप्प करने का ऐलान कर दिया है. आपको याद दिला दें कि नवरात्र से पूर्व इन कर्मचारियों ने संवेदक के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए अपना आंदोलन शुरू किया था और काला बिल्ला लगाकर इतने दिनों तक विरोध प्रकट किया, लेकिन गुरुवार से उन्होंने आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए काला बिल्ला को हटा कर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि विगत दो वर्षोँ से उन्हें बोनस नहीं मिला है. कुल 56 कर्मचारी यहां कार्यरत हैं और संवेदक कंपनी वीईपीएल बोनस नहीं दे रही है. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि गुरुवार और शुक्रवार को उनके द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा और अगर संवेदक कंपनी बोनस नहीं देती है तो शनिवार से वे प्लांट के कार्य को ठप कर देंगे. वैसे देखा जाए तो अगर प्लांट में कार्य रुक गया तो लगभग 25 हजार की आबादी पानी से वंचित हो जायेगी.







