
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत फागू बाबा मंदिर के स्वर्णरेखा नदी के तट से शुक्रवार की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का अर्धनग्न शव बरामद किया गया. स्थानीय लोगो ने शव देखने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचाया. शव काफी सड़ी-गली अवस्था में पाया गया, उसमें कीड़े लग चुके थे. पुलिस उसकी पहचान में जुट गई है. सोनारी थाना प्रभारी रेणु गुप्ता ने बताया कि स्थानीय लोगों ने फोन कर शव मिलने की सूचना दी थी. शव अर्धनग्न अवस्था में पाया गया. मृतक की पैंट शव के पास में ही रखी हुई मिली. प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि मृतक को शौच करने के दौरान मिर्गी का दौरा आया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारणों का पता चल पाएगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.







