
जमशेदपुर : जिला स्तरीय चतुर्थ नेत्र शिविर की शुरुआत शनिवार को बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में नेत्र रोगियों के रजिस्ट्रेशन के साथ हुई, जहां 110 नेत्र रोगियों का रजिस्ट्रेशन हुआ। उनकी कोविड-19 जांच जिला सर्विलांस टीम द्वारा की गयी, तत्पश्चात नेत्र रोगियों की आंखों की जांच नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह ने की तथा कोविड-19 मानक के अनुसार 28 नेत्र रोगियों का चयन ऑपरेशन के लिए किया गया। ये सभी नेत्र रोगी हायपर मैच्योर मोतियाबिन्द श्रेणी के थे, जिनका चयन ऑपरेशऩ के लिए आवश्यक था। इन सभी नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण रविवार को नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह, डॉ पूनम सिंह (टीएमएच), डॉ आनन्द सुश्रुत एवं डॉ विवेक केडिया द्वारा राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के ऑपरेशन थियेटर में किया जायेगा। आज जांच सत्र के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, नोडल पदाधिकारी स्मिता नागेशिया, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल मुख्य रूप से उपस्थित थे।

टाटा स्टील कर्मी कोरोना योद्धा ने किया प्लाज्मा दान
जिला प्रशासन, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम एवं जमशेदपुर ब्लड बैंक के संयुक्त प्रयास से प्लाज्मा डोनेशन अभियान की कड़ी में शनिवार को कोरोना पर विजय पाने वाले टाटा स्टील कर्मी अरुण कुमार ने पहली बार अपना प्लाज्मा डोनेट किया। जिला प्रशासन एवं रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम की ओर से उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया साथ ही जमशेदपुर ब्लड बैंक की ओर से उन्हें मोमेंटों प्रदान किया गया, इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के एसडीपी डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह एवं जमशेदपुर ब्लड बैंक की टीम ने उन्हें सम्मानित किया।



