
रांची : झारखंड के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्यस्तरीय तम्बाकू नियंत्रण के लिए गठित राज्य तम्बाकू नियंत्रण समन्वय समिति की चौथी बैठक प्रोजेक्ट भवन में आयोजित की गई. बैठक के मुख्य उद्देश्य राज्य में प्रतिबंधित पान मसाला के उत्पादन, बिक्री, भण्डारण एवं परिवहन के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करना तथा झारखण्ड राज्य में तम्बाकू नियंत्रण अधिनियम (कोटपा-2003) का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना था. स्वास्थ्य सचिव डॉ नितीन मदन कुलकर्णी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से राज्य में प्रतिबंधित पान मसाला के उत्पादन, बिक्री, भण्डारण एवं परिवहन के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु उठाए गए कदम की जानकारी दी एवं राज्य में तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के संचालन एवं कोटपा 2003 के अनुपालन सुनिश्चित किये जाने के संदर्भ में विभिन्न स्तर पर उठाये गए कदमों की जानकारी दी. बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव ने राज्य मुख्यालय, प्रोजेक्ट भवन, नेपाल हाउस, पुलिस मुख्यालय सहित जिला एवं प्रखण्ड स्तर तक के कार्यालयों में तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित करते हुए तम्बाकू मुक्त क्षेत्र वाले बोर्ड का प्रदर्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही निदेशक, उद्योग विभाग को निर्देश दिया गया कि निजी क्षेत्र के कम्पनियों के मुख्य द्वार एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर तम्बाकू मुक्त क्षेत्र/गैर धूम्रपान क्षेत्र के बोर्ड के प्रदर्शन कराया जाये. उन्होंने बच्चों एवं अव्ययसकों को तम्बाकू सेवन से दूर रखने हेतु उपायुक्त, रांची सहित सभी उपायुक्तों को सभी शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज की दायरे में आने वाले तम्बाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों को अविलम्ब हटाये जाने का निर्देश दिया गया. राज्य में प्रतिबंधित पान मसाला एवं अवैध तम्बाकू के आवागमन को रोकने हेतु सीमावर्ती जिलों के उपायुक्तों एवं पुलिस अधीक्षकों को प्रतिबंधित पान मसाला एवं अवैध तम्बाकू उत्पाद के आवागमन को रोकने हेतु चेक पोस्ट पर लगातार निगरानी करने एवं अन्य इंट्री प्वाइंट पर भी सख्ती करने का निर्देश दिया गया. मुख्य सचिव ने पंचायत स्तर तक तम्बाकू नियंत्रण की गतिविधियों को क्रियान्वयन करने का निर्देश दिया. उन्होंने सचिव ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के सचिव को जिला परिषद, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत के सदस्यों को पत्र भेजकर ग्राम सभा की प्रत्येक बैठक में तम्बाकू नियंत्रण पर चर्चा किए जाने का निर्देश दिया गया. बैठक में सभी विभागों के प्रधान सचिव/सचिव, अभियान निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जिला उपायुक्त, रांची, रामगढ़ राज्य नोडल पदाधिकारी, यूनियन के वरीय तकनीकी सलाहाकार, कार्यपालक निदेशक, सीड्स राज्य परामर्शी, सहित तम्बाकू नियंत्रण से जुड़े सभी पदाधिकारी उपस्थित थे.




