जमशेदपुर : टाटा मोटर्स में वार्षिक बोनस समझौते को लेकर सोमवार को गतिविधियां तेज हो गयीं. बोनस समझौते पर मंगलवार को अंतिम मुहर लगने की संभावना जतायी जा रही है. इसे लेकर सोमवार को यूनियन कार्यालय के कांफ्रेंस हॉल में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह की मौजूदगी में यूनियन पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में बोनस से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. यूनियन पदाधिकारियों के बीच आपसी सहमति बनने के बाद दोपहर बाद यूनियन और प्रबंधन के बीच जेनरल ऑफिस में वार्ता होने की बात कही गयी. वार्ता के दौरान बोनस से जुड़े प्रस्ताव और अन्य बिंदुओं पर अंतिम चर्चा की जायेगी. (नीचे भी पढ़ें)
सहमति बनने के बाद तैयार मसौदे पर यूनियन और प्रबंधन के प्रतिनिधियों की ओर से हस्ताक्षर किये जाने की संभावना है. समझौते के बाद बोनस की राशि और प्रतिशत को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जायेगी. फिलहाल कर्मचारियों की निगाहें यूनियन और प्रबंधन के बीच होने वाली वार्ता पर टिकी हुई हैं. शाम तक बोनस समझौते की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है. समझौते को लेकर कर्मचारियों के बीच भी उत्सुकता बनी हुई है.




