
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने टाटानगर स्टेशन चौक से बागबेड़ा बडोदा घाट सड़क पर स्थित पुल निर्माण के संबंध में पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों से विस्तृत वार्ता की एवं अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. सांसद श्री महतो ने कार्यपालक अभियंता रामविलास साहू से जानना चाहा कि इस पुल के निर्माण में और कितना विलंब है ? इस पर कार्यपालक अभियंता ने सांसद श्री महतो को सूचित किया कि इस पुल का फिर से डिजाइन तैयार करने के लिए पुणे की एक कंसलटेंट को काम दिया गया है. यह जल्दी ही संपन्न होने वाला है. संपन्न होने के पश्चात इसे झारखंड सरकार पथ निर्माण विभाग के सीडीओ को सुपुर्द किया जाएगा. इस पर सांसद श्री महतो ने दूरभाष पर पथ निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता कृष्ण कुमार लाल से बात की एवं उन्हें कहा कि इस पुल का निर्माण में पहले ही काफी विलंब हो गया है. अतः इसे त्वरित गति से संपन्न कराया जाए. इस पर मुख्य अभियंता ने सांसद श्री महतो को बताया कि वे कंसलटेंट कंपनी को यथाशीघ्र डिजाइन समर्पित करने का निर्देश दे रहे हैं. इस पुल के निर्माण में किसी प्रकार की अड़चन नहीं आने दी जाएगी. विभाग के कार्यालय में हुई वार्ता में कार्यपालक अभियंता के अतिरिक्त सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता मौजूद थे. इसके अतिरिक्त सांसद श्री महतो ने शास्त्रीनगर से भाटिया पार्क तक रुके हुए सड़क निर्माण कार्य के संबंध में भी जानकारी ली. इस संबंध में बताया गया की इस सड़क का पुनः टेंडर किया जाना है उसके पश्चात इस सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा.






