
जमशेदपुर की सामाजिक महिला कार्यकर्ता रानी ठाकुर ने इस साल मिसेज इंडिया इंटरनेशनल एवं मिसेज झारखंड इंडिया इंटरनेशनल अवार्ड जीता है. 10 जनवरी को कानपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता की विनर रानी ठाकुर ने सोमवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास से उनके आवास पर मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया. इस मौके पर रानी ठाकुर ने बताया, कि पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें काफी प्रोत्साहित किया जाता रहा है. 2019 में भी उन्होंने मिसेज एशिया इंटरनेशनल अवार्ड ने हिस्सा लिया था, जिसमें वे रनर रही थी. उस वक्त रघुवर दास ने उनकी हौसला अफजाई करते हुए प्रयास जारी रखने की नसीहत दी थी. यही कारण है, कि आज वे इसमें सफल हो सकी है. वहीं रघुवर दास ने टाटा मोटर्स अस्पताल के कोरोना काल मे किए गए प्रयासों की सराहना की, और टाटा मोटर्स अस्पताल के मिडीसीन विभाग के प्रमुख डॉक्टर राजेश कुमार ठाकुर को सम्मानित किया. उन्होंने कोरोना काल में सबसे कम मृत्यु दर की उपलब्धि हासिल करने के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल प्रबंधन को बधाइयां दी. साथ ही मिस इंडिया इंटरनेशनल अवार्ड जीतने वाली रानी ठाकुर को भी शुभकामनाएं दी. रानी ठाकुर टाटा मोटर्स अस्पताल के मिडीसीन विभाग प्रमुख की धर्मपत्नी हैं. वहीं ठाकुर दंपति ने कोरोना टीका लेकर लोगों से वैक्सीन लगाने की अपील किया है. रघुवर दास ने इसके लिए भी दोनों को शुभकामनाएं दीं.





