
जमशेदपुर/आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले की आदित्यपुर पुलिस की अजीबो-गरीब कार्यशैली सामने आई है. बीते दिनों आदित्यपुर थाना क्षेत्र के टोल ब्रिज से खरकइ नदी में एक व्यक्ति ने छलांग लगा दी थी. घटना के बाद आदित्यपुर पुलिस ने पुल पर पड़ी साइकिल, मोबाइल और चप्पल को बरामद कर थाना ले गई. शनिवार को शव तैरता हुआ नदी में आदित्यपुर थाना क्षेत्र की ओर ही निकला, फिर भी थाना द्वारा इसलिए मामले को नहीं लिया गया कि व्यक्ति कदमा थाना क्षेत्र का था. हालांकि कदमा पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को नदी से निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान कदमा भाटिया बस्ती निवासी मंगल सिंह मुंडा के रूप में की गयी है. पहचान के बाद परिजन काफी देर तक नदी किनारे ही शव निकालने का इंतजार करते रहे, मगर सीमा विवाद को लेकर शव को काफी देर बाद निकाला जा सका. परिजनों ने बताया की मंगल पेंटिंग का काम करता था. वह नशे का आदि था. इसलिए घर में अक्सर विवाद होता रहता था. शराब की वजह से उसका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं था. इस संबंध में थाना में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कराया गया है.





