
आदित्यपुर : सरायकेला- खरसावां जिला की आदित्यपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए राममड़ैया बस्ती रेलवे लाइन के किनारे से 2 जुआरियों को 6 हजार नगदी, दो सेट ताश के पत्ते व चटाई के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस की गिरफ्त में आए जुआड़ियों का नाम विनय कुमार शर्मा उर्फ छोटू और अब्बास अहमद बताया जा रहा है. जानकारी देते हुए आदित्यपुर थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद महतो ने बताया कि पुलिस को लगातार इलाके में अवैध जुआ खेलने और खेलाए जाने की सूचना मिल रही थी. जिसके बाद वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए छापेमारी की गई. उन्होंने बताया कि पुलिस गश्ती दल को देखकर सभी जुआरी मौके से भागने लगे. इनमें से दो को खदेड़ कर पकड़ा गया. वैसे इस छापेमारी में कुछ जुआरी भागने में सफल रहे. बताया जाता है कि आदित्यपुर थाना अंतर्गत दिंदली बाजार, जयप्रकाश उद्यान और गम्हरिया बाजार के आसपास बड़े पैमाने पर अवैध जुआ और लॉटरी का कारोबार संचालित हो रहा है. वैसे सूचना मिलने पर पुलिस कई बार छापेमारी भी करती है, जुआरी गिरफ्तार भी होते हैं, लेकिन धंधा बदस्तूर जारी है.







