
जमशेदपुर : आयकर विभाग की जमशेदपुर टीम ने टीडीएस को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया. आइटीओ, टीडीएस, जमशेदपुर द्वारा सिंहभूम चेंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सहयोग से बिष्टुपुर स्थित चेंबर भवन में टीडीएस कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर आयकर आयुक्त टीडीएस बिहार एंड झारखण्ड संजय आई बारा उपस्थित हुए. अन्य विशिष्ट अतिथियों में संयुक्त आयकर आयुक्त टीडीएस, रांची नयन ज्योति नाथ तथा आयकर उपायुक्त टीडीएस रवि दास उपस्थित रहें. कार्यक्रम का विधिवत शुरुआत द्वीप प्रज्जवलन कर किया गया. सिंहभूम चेंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अशोक भालोटिया ने सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया. सीए सोसाइटी के अध्यक्ष जगदीश खंडेलवाल ने सोसाइटी के तरफ से सभी का स्वागत किया. मंच पर चेंबर के टैक्सेशन उपाध्यक्ष रमाकांत गुप्ता और सचिव राजीव अग्रवाल भी उपस्थित थे. संचालन चेम्बर के महासचिव भरत वसानी ने किया. आयकर विभाग की ओर से आयकर अधिकारी टीडीएस अंजलि लकड़ा ने सभी का अभिनन्दन किया और स्वागत भाषण दिया. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)

तत्पश्चात पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन द्वारा टीडीएस की बारीकियों से उपस्थित सभी ट्रेड यूनियंस और चेंबर्स के सदस्यों को रांची से आये आयकर निरीक्षक हिमांशु मिश्रा द्वारा अवगत कराया गया. उपस्थित सभी सदस्यों को संयुक्त आयकर आयुक्त टीडीएस एंड आयकर आयुक्त टीडीएस ने संबोधित किया. आयकर आयुक्त टीडीएस श्री बारा ने सभी को बताया कि टीडीएस की कटौती नहीं करना और समय पर उसे भारत सरकार के अकाउंट में नहीं डालने पर भारी ब्याज, पेनाल्टी तथा सजा का प्रावधान है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक तिमाही में टीडीएस की कटौती करनी होती है और उसके अगले महीने के 7 तरीके तक जमा करनी होती है. उन्होंने डीडीओ, जो टैक्स काटते है, उनके लिए भी बताया कि यदि वो टैक्स कटौती कर समय पर जमा नहीं करते हैं तो उन्हें प्रति दिन 200 रुपये की पेनाल्टी लग सकती है. सैलेरी से सम्बंधित बाते रखते हुए अधिकारियों ने कहा कि सैलरी वाले कर्मचारी का टीडीएस प्रत्येक माह 10 प्रतिशत टैक्स का काटने से उनके ऊपर बहुत बोझ नहीं पड़ेगा. उन्होंने अनुरोध किया कि सभी लोग जहां जरुरी हो वहां टीडीएस के प्रावधानों के तहत कर कटौती करें और भारत सरकार के एकाउंट्स में समय पर जमा करें. अंत में टीडीएस से सम्बंधित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी रखा गया जिसमें कुछ लोगों ने अपनी बातें प्रश्न के जरिये पूछी जिसका उत्तर उपायुक्त और संयुक्त आयकर आयुक्त ने दिया. धन्यववाद ज्ञापन अमिटी तारवे, निरीक्षक ने किया. कार्यक्रम में कैट के राष्ट्रीय सचिव सुरेश सोंथालिया, ज्वेलर्स एसोसिएशन के बिपिन भाई अडेसरा, केमिस्ट एसोसिएशन के चटर्जी, बिल्डर एसोसिएशन के सुरेंद्र पॉल सिंह, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अखिलेश दुबे, आयकर निरीक्षक संतोष चौबे, अजित कुमार, प्रीतम सिंह आदि उपस्थित थे.





