
जमशेदपुर : पिछले दिनों परसुडीह थानांतर्गत खासमहल में करीब 10 एकड़ जमीन पर ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमण किये जाने के बाद पिछले बुधवार को दोबारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था. वहीं अतिक्रमण के मामले को लेकर स्थानीय ग्राम प्रधान, मुखिया व पंचायत समिति सदस्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. इसके बाद कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिये जाने की सूचना है. इस मामले को लेकर बागबेड़ा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि बुधवार को जिले के एसएसपी से मिले और उक्त जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई को अनुचित बताते हुए उन्हें रिहा किये जाने की मांग की. इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे बागबेड़ा के जिला पार्षद किशोर यादव ने कहा कि एसएसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है. प्रतिनिधिमंडल में उप मुखिया सुनील गुप्ता समेत अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे.



