
चाईबासा : गुवा थाना क्षेत्र के नुईया गांव में गांव के ही माराहोरी चाम्पिया ने पांच लोगों के साथ मिलकर 40 वर्षीय महिला सुकूरमति चाम्पिया को घर घुसकर डायन बिसाही के आरोप में मारपीट की. इस घटना में महिला बुरी तरह घायल हो गयी. बीच बचाव करने महिला के लिए पहुंचे पति माटी चाम्पिया को भी मारपीट कर दूसरे रूम में बंद कर दिया गया. किसी तरह महिला अपने आप को बचाते हुए गुवा अस्पताल पहुंची, वहां डॉक्टरों ने इस घटना की जानकारी गुवा थाना प्रभारी राकेश रंजन सिंह को दी. थाना प्रभारी राकेश रंजन सिंह ने गुवा अस्पताल पहुंच कर घायल महिला का बयान लिया और एफआईआर दर्ज कर लिया. ज्ञात हो कि विभिन्न महिला समूहों द्वारा गुवा के विभिन्न क्षेत्रों में बाल विवाह, डायन बिसाही, बाल श्रम आदि को लेकर जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है. उसके बावजूद ऐसी घटनाएं प्रकाश में आ रही हैं.



