
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बागुन नगर निवासी 17 वर्षीय नाबालिग से उसी के मुंह बोले नाना द्वारा अश्लील हरकत करने और दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. दुष्कर्म के आरोपी नाना के अलावा नाना की पत्नी पर भी आरोप लगाया गया है. इधर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस द्वारा गुरुवार को पीड़िता का मेडिकल करवा कर उसे 164 के बयान के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा. बता दें कि इसके पहले पीड़िता ने सिटी एसपी से मामले की शिकायत की थी. उसने बताया था कि उसके माता-पिता की मौत के बाद मौसा और मौसी ने उसे पाल-पोस कर बड़ा किया. उसे पढ़ने के लिए सुंदरनगर स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय में भर्ती कराया गया था. लॉकडाउन को लेकर वह घर पर ही थी. इसी बीच मौसी के श्वसुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया. जब उन्होंने ये बात उनकी पत्नी को बताई तो उन्होंने डांट-डपट कर किसी को यह बात नहीं बताने की धमकी दी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.



