
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा स्थित भालुबासा निवासी सिक्की कुमारी शुक्रवार को अपने पति रोहित कुमार और उसके दोस्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद उचित कार्रवाई की मांग को लेकर सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट से मिलने पहुंची. सिक्की ने बताया कि उसने पति रोहित कुमार और उसके दोस्तों के खिलाफ 8 अप्रैल को महिला थाना में मामला दर्ज कराया था. उसने बताया कि साल 2016 में उसकी शादी रोहित से हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे. उनके पिता पुलिस विभाग से साल 2004 में ही सेवानिवृत हो गए है. 3 अप्रैल को उसके पति रोहित ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया था. 6 अप्रैल को रोहित अपनेसाथी ज्ञान पांडे और अमृतपाल सिंह के साथ मिलकर उसके घर में घुसे और जलाने के उद्देश्य से रोहित को मिट्टी का तेल लाने को कहा. वह किसी तरह अपनी जान बचा कर वहां से भागी. अमृतपाल ने उसे कहा था कि पुलिस शिकायत में अगर उसका नाम दिया तो वह जान से मार देगा. उसने बताया कि अगर उसे कुछ होता है तो उसका जिम्मेदार उसका पति और उसके साथी होंगे. फिलहाल सिटी एसपी ने उचित जांच का आश्वासन दिया है.













