
जमशेदपुर : जमशेदपुर में कोरोना महामारी के बीच जिला प्रशासन का ऑटो चालकों पर कहर टूट रहा है. जहां साकची स्टैंड के ऑटो चालकों ने ट्रैफिक पुलिस पर जबरन ऑटो नहीं लगाने देने का आरोप लगाया. उन्होंने बताया, कि पिछले 25- 30 सालों से इनके द्वारा यहां ऑटो लगाया जाता है. लेकिन कुछ दिनों से ट्रैफिक पुलिस जबरन इन्हें यहां ऑटो लगाने नहीं दे रही है. वैसे इन ऑटो चालकों ने स्थानीय विधायक सह राज्य के मंत्री बन्ना गुप्ता पर भी अपने मामले में आनाकानी किए जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया, कि अपनी फरियाद लेकर जब ऑटो चालक मंत्री बन्ना गुप्ता के पास पहुंचे, तो उन्होंने ट्रैफिक डीएसपी को आदेश दिए जाने की बात कही. जब ट्रैफिक डीएसपी के पास पहुंचे तो दोबारा ऑटो लगाने पर कार्रवाई किए जाने की बात कह कर भगा दिए जाने का आरोप इन्होंने लगाया. कुल मिलाकर कोरोना के कहर के बीच ऑटो चालक भुखमरी के कगार पर हैं. जिसका ना तो जनप्रतिनिधि सुध ले रहे नहीं पुलिस प्रशासन.











