
जमशेदपुर : कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए किसी भी प्रकार का ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया कुछ समय के लिए स्थगित कर दी गयी है. इसकी जानकारी परिवहन आयुक्त किरण कुमार पासी ने दी. इस संबंध में बैठक कर निर्णय लिया गया, जिसके बाद आदेश जारी किया गया है. आयुक्त ने कहा है कि कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए व रोकथाम में ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया को कुछ समय के लिए स्थगित किया जाता है. दिए गए निर्देशों के अगले आदेश तक लर्निग लाइसेंस निर्गत नहीं किया जाएगा. जिन लोगों ने लर्निग लाइसेंस या फिर फाइनल ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए अप्लाई किया है उन्हें अगले आदेश तक इंतजार करना होगा. आदेश में यह भी कहा गया है कि अगर किसी का ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता इस हफ्ते या आने वाले समय में समाप्त हो जाती है तो उसे वैध समझा जाएगा.












