जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन में अब फंड के इस्तेमाल और एकाउंट को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. टाटा वर्कर्स यूनियन (टीडब्ल्यूयू) में चार महीने से लंबित पड़े यूनियन के खातों (अकाउंट्स) और एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठकें न बुलाए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है. यूनियन के कोषाध्यक्ष सह अकाउंटेंट आमोद कुमार दुबे ने मंगलवार को यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु को एक कड़ा पत्र लिखकर अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि जल्द ही कमेटी मीटिंग बुलाकर लंबित खातों की समीक्षा और मंजूरी नहीं दी गई, तो वे यूनियन के बैंक खातों के संचालन को निलंबित (ऑपरेशन फ्रीज) करने पर मजबूर हो जाएंगे. पत्र में आमोद कुमार दुबे ने लिखा है कि पिछले चार महीनों से यूनियन का हिसाब-किताब अटका हुआ है, जिसकी जानकारी वे व्हाट्सएप के जरिए अध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों को पहले ही दे चुके हैं. यूनियन के संविधान के प्रावधानों के अनुसार हर दो महीने में कमेटी मीटिंग बुलाई जानी चाहिए, ताकि खातों को प्रस्तुत कर कार्यकारिणी से पास कराया जा सके. हालांकि, बार-बार ध्यान दिलाने के बावजूद इस विषय को नजरअंदाज किया जा रहा है और कोई आवश्यक कदम नहीं उठाया गया है. कोषाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसी स्थिति में उनके पास खातों के संचालन को रोकने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा और इससे उत्पन्न होने वाले किसी भी परिणाम की पूरी जिम्मेदारी अध्यक्ष की होगी. उन्होंने जल्द से जल्द कमेटी मीटिंग बुलाकर मामले का समाधान करने का आग्रह किया है. इस पत्र की प्रतिलिपि डिप्टी प्रेसिडेंट सह फाइनेंस सब-कमेटी के चेयरमैन और जनरल सेक्रेटरी को भी भेजी गई है. इसके बाद एकाउंट को लेकर विवाद बढ़ता नजर आ रहा है. हालांकि, अब तक इस मामले में अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु समेत किसी भी पदाधिकारी का कोई जवाब नहीं आया है.












