
आदित्यपुर : सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना पुलिस को जुआरियों के खिलाफ एक बार फिर से सफलता हाथ लगी है. जहां गुप्त सूचना के आधार पर थाना से सटे दिंदली बाजार स्थित कन्या मध्य विद्यालय के समीप छापेमारी करते हुए पुलिस ने 2 जुआरियों को गिरफ्तार किया है. जिनका नाम कार्तिक लोहार और रितिक पाल बताया जा रहा है. पुलिस ने इनके पास से कुल 640 रुपये नगद और रजिस्टर बरामद किए हैं. बताया जाता है, कि पुलिस को लगातार उक्त स्थल पर जुआ खेलाए जाने की सूचना मिल रही थी. जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है. वैसे आदित्यपुर थाना क्षेत्र में जुआ और लॉटरी का धंधा कोई नई बात नहीं है. आए दिन जुआरी नए ठिकाने पर अपना धंधा संचालित कर लेते हैं. पुलिस की ओर से कार्रवाई भी होती है, लेकिन जुआरियों का किंगपिन अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर ही रहा है.













