
जमशेदपुर : जहां पूरा विश्व इस भीषण महामारी के संकट यानी कोरोना से जंग लड़ रहा है एवं वर्तमान में जहां कोरोना अपना विकराल रूप दिखा रहा है, ऐसे वक्त में भी पूरे भारतवर्ष में एक अलग पहचान बना चुके जमशेदपुर ब्लड बैंक के प्रथम पंक्ति में कार्य करने वाले इन योद्धाओं ने पीड़ित मानवता की सेवा में कोई कसर नही छोड़ी है. बैंक के जीएम संजय चौधरी के मार्गदर्शन में यहां के चिकित्सक व कर्मी अपने और अपने परिवार की चिंता छोड़ निरंतर समाज व देश के लिए अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं. पूरे कोरोना काल के दौरान जहां हर विषम परिस्थिति में रक्त की कमी को सभी सहयोगी संस्थाओं के साथ मिलकर पूरा किया गया. सबसे विशेष कोरोना से जंग लड़ रहे वैसे मरीज जिन्हे प्लाज्मा की आवश्यकता पड़ रही है, उन लोगों के लिए जमशेदपुर के उपायुक्त के दिशा निर्देश पर, प्लाज्मा डोनेशन की नोडल ऑफिसर के रूप में प्रोबेशनरी उप समाहर्ता स्मिता नागेशिया की देखरेख में इन योद्धाओं ने सबसे पहले अपने स्तर से निरंतर एवं कई संस्थाओं के सहयोग से झारखंड, बिहार में प्लाज्मा रक्तदान के मामले में इस बैंक को अग्रणी बनाते हुए एक मिसाल पेश की है. हम सभी को गर्व होना चाहिए जमशेदपुर ब्लड बैंक के सभी पदाधिकारियों पर. इसमें रेड क्रॉस सोसाइटी की पूर्वी सिंहभूम शाखा का भी अहम योगदान है. विशेषकर इस संक्रमण के समय में जिस तरह से बैंक के पदाधिकारी व कर्मी योद्धा के रूप में अपनी जान की परवाह किए बगैर सेवाएं दे रहे हैं, हम सभी को इनके प्रति भी श्रद्धा भाव रखते हुए इन्हें ग्रैंड सेल्यूट प्रदान करना चाहिए.















