
जमशेदपुर : झारखंड के साथ पूरे जमशेदपुर में आंशिक लॉकडाउन लगा हुआ है. इस लॉकडाउन के दौरान चोरी छिपे लोग कारोबार कर रहे है. ऐसे ही कारोबारियों के लिए साकची बाजार समिति रिटेल मर्चेंट वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव सह विधायक प्रतिनिधि संदीप बर्मन ने मार्मिक अपील जारी की है. उन्होंने आपदा को अवसर नहीं बनाने की अपील की है. संदीप बर्मन ने लिखा है ”आपदा_या #अवसर-कोरोना संक्रमण का दूसरा वेभ महाविनाशकारी साबित हो रहा है और इस प्रलय को रोकने के लिए ही विभिन्न राज्यों की सरकारों द्वारा लॉकडाउन लगाया गया है. हमारे शहर के बाजार भी “लॉक डाउन” के तहत बंद हैं. बंद के पहले विभिन्न व्यापारिक संगठनों की ओर से लॉकडाउन लगाने की सबसे ज्यादा मांग उठी थी और अब कुछ व्यापारी ही आपदा में अवसर खोज रहे हैं. अगर कुछ छोटे व्यापारी ऐसा करते तो उनकी मजबूरी समझी जाती, मगर आश्चर्य तो ये है कि बड़े-बड़े पूंजीपति और मॉल संचालक “बैक डोर” से अपनी दुकानदारी चला रहे हैं. उनके लिए साल भर की कमाई करने यही सुनहरा मौका है, क्योंकि उनके अगल-बगल पूरा मैदान साफ है. वे सोचते हैं कि ऐसा करके वे सिर्फ सरकार और प्रशासन की नज़रों में धूल झोंक रहे हैं, मगर असल में वे आसमान में थूक रहे हैं जिसके छींटे उनके साथ-साथ पूरे समाज का विध्वंस कर देगा. बड़ा सवाल ये है कि क्या अपनी इन चालाकियों से लोग कोरोना की चेन तोड़ पाएंगे ??? शायद उनके घर पर अबतक मौत ने दस्तक नहीं दी है, उनसे जाकर पूछिए जिन्होंने अपनों को खोया है. मैं अपील करता हूँ अपने सभी व्यापारी बंधुओ से की एक दूसरे की देखा- देखी में होड़ ना करें, जिंदगी रही तो बहुत कमा लेंगे और साथ ही अपील करता हूँ, उन सभी ग्राहकों से जो शादी-ब्याह की खरीदारी करने के लिए बाजार में भीड़ लगा रहे हैं. कृपया अभी आपके पास, जो संसाधन उपलब्ध है, उन्ही से वैवाहिक विधि-विधान निपटाएं वरना ऐसा ना हो कि मुफ्त में आप बीमारी भी खरीद लाएं. कृपया घर पर रहें और कोरोना की चेन तोड़ कर स्वयं और अपने समाज को सुरक्षित रखने में भागीदार बनें.












