
घाटशिलाः जवानी में देश के लिए जान देने वाला, बुढ़ापे में पत्नी के लिए जान देने को तैयार है. यह कहानी नहीं बल्कि हकीकत है. पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिला के घाटशिला अनुमंडल के मुसाबनी प्रखंड निवासी भूतपूर्व सैनिक दिकू हांसदा की यह कहानी है. दिकू हांसदा लाचर बिजली व्यवस्था होने से बीमार पत्नी की देखभाल नहीं कर पा रहे हैं. इससे वे त्रस्त हैं. मुसाबनी प्रखंड के बेनाशोल गांव में पिछले कई दिनों से बिना बिजली के घर के बेड पर लकवा पीड़ित पत्नी गर्मी से तड़प रही है और पत्नी की परेशानियों से परेशान पूर्व सैनिक दिकू हांसदा ने घर में बिजली नहीं होने पर सड़क जाम कर सड़क के बीचों-बीच आत्महत्या कर लेने की घोषणा की है. विदित हो कि बेनाशोल गांव स्वर्णरेखा नदी के किराने रहने वाले 75 वर्षीय पूर्व सैनिक (इंडियन आर्मी से रिटायर) दीकू हांसदा के घर में और उनके मोहल्ले में कई दिनों से बिजली नहीं है. ग्रामीणों ने कई बार विभाग के पदाधिकारी से शिकायत कर गांव में बिजली बहाल करने की मांग की है. परंतु विभाग द्वारा अबतक पहल नहीं की गयी है. इससे गांव के ग्रामीण कोरोना काल और आंशिक लॉकडाउन में घर में अंधेरे में रहने पर विवश हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्व सैनिक दिकू हांसदा की लकवा ग्रस्त पत्नी 70 वर्षीय नागेश्वरी हांसदा बेड पर पड़े-पड़े बिजली नहीं रहने से गर्मी से तड़प रही है. इससे परेशान दीकू हांसदा ने दूरभाष पर बिजली विभाग के एसडीओ और बिजली कर्मी भवानी से बात कर बिजली लाइन ठीक करने की मांग की है. इस पर बिजली कर्मी भवानी ने उन्हें बताया कि आपके क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब रहने से बिजली नहीं है. इस लिए ट्रांसफार्मर बनवाने के लिए चंदा कर ही उसे बनवाना होगा. विभाग के पास ट्रांसफॉर्मर अभी उपलब्ध नहीं है. दीकू हांसदा ने कहा कि इस अंधी-बहरी व्यवस्था में जीवन-यापन करने से बेहतर मौत को गले लगा लेना ही है. इस लिए अगर उनके घर और मुहल्ला में गुरुवार रात तक बिजली चालू करने की दिशा में विभाग कोई पहल नहीं करेगा तो मैं शुक्रवार को अपने घर के सामने मुख्य सड़क बाधित कर बीच सड़क पर आत्महत्या करने को बाध्य हो जाऊंगा. पूर्व सैनिक दिकू हांसदा ने दूरभाष पर घाटशिला एसडीओ सत्यवीर रजक से बातकर अपनी समस्या से अवगत कराया है. एसडीओ श्री रजक ने उनसे कहा है कि वे जल्द ही मामले पर कार्रवाई करेंगे और बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर उन्हें और उनके घर के निकट के लोगों की बिजली संबंधित परेशानियों का जल्द से जल्द निदान किया जायेगा.



