
चाईबासा : झारखंड सरकार द्वारा गुरुवार से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 42 दिनों के लॉकडाउन के बाद गुरुवार से पश्चिमी सिंहभूम जिले में बाजार खुले तो बाजार में रौनक लौट आई है। चाईबासा शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों तक मे चहल पहल देखी गई। 42 दिनों तक लॉकडाउन रहने के कारण दुकानदार काफी परेशान थे। अब जब दुकान खुली हैं तो सभी ने राहत की सांस ली है। राज्य सरकार के इस निर्णय का खुले दिल से स्वागत किया जा रहा है। हालांकि पहले दिन बाजार में लॉकडाउन से पहले जैसी स्थिति नहीं दिखाई दी। लेकिन फिर भी लोग काफी राहत महसूस कर रहे हैं। राशन, दवा दुकान, बिल्डिंग मैटेरियल आदि की दुकानें तो लॉकडाउन में भी खुल रही थी। लेकिन सरकार द्वारा कपड़ा, किताब और जूता दुकानों को खोलने की अनुमति दिए जाने से दुकानदार काफी खुश नजर आए। हालांकि सरकार ने अभी 2 बजे तक ही दुकानों को खोलने की छूट दी है। फिर भी सरकार के इस कदम से दुकानदार काफी खुश हैं।

दुकानदारों का कहना है कि लॉकडाउन के कारण उनका काफ़ी नुकसान तो हुआ है, लेकिन कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से लड़ने के लिए हमें अब आगे भी तैयार रहना होगा। हम अपनी दुकान खोलेंगे और इसके साथ ही सरकार के हर दिशा निर्देश का पालन करेंगे। ताकि कोरोना की तीसरी लहर को आने से रोका जा सके। किताब दुकानदार दिनेश प्रसाद ने कहा कि सरकार का कदम आम व्यवसायियों के लिए बहुत ही सराहनीय है, हालांकि कोरोना अभी गया नहीं है, इसलिए खुद बचने के साथ ही लोगों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। कपड़ा व्यवसाई संजय गर्ग ने कहा कि 42 दिनों के बाद आज दुकान खुली है तो काफी अच्छा लग रहा है। सरकार ने जो फैसला लिया है वह भी बहुत अच्छा है। 2 बजे तक भी दुकान खुलेगी तो व्यवसायियों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि आने वाले समय में दुकान खोलने की समय सीमा को थोड़ा और बढ़ाया जाए।







