
जमशेदपुर : भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जमशेदपुर महानगर द्वारा सोमवार को विश्व आदिवासी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. पुराना सीतारामडेरा स्थित बिरसा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू एवं महानगर अध्यक्ष गूंजन यादव विशेष रूप से शामिल हुए एवं आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं व्यक्त की.. इस दौरान पूर्व सीएम रघुवर दास एवं पूर्व विधायक लक्षमण टुडू ने आदिवासी समाज के पुरोहित संथाल समाज के नायके बाबा, हो समाज के दिऊरी बाबा एवं उरावं समाज के पाहन को पारंपरिक अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया. इस अवसर पर पूर्व सीएम रघुवर दास ने प्रदेशवासियों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि आदिवासी समाज आदिकाल से है. भारत ही नहीं अपितु पूरे विश्व में आदिकाल से आदिवासी समाज के लोग रहते हैं. आदिवासी समाज प्रकृति एवं संस्कृति के काफी निकट रहते हैं. आदिवासी समाज के इतिहास को देखें तो आजादी की लड़ाई से पूर्व आदिवासी समाज के वीर सपूतों ने अंग्रेजी हुकूमत से लोहा लेने का कार्य किया. झारखंड जो वीरों की भूमि है, इस भूमि से भगवान बिरसा मुंडा, सिदो कान्हू, फूलो-झानो, चांद-भैरव एवं अन्य ने अंग्रेजों से मुक्ति दिलाने और अपनी संस्कृति को बचाने में अपना जीवन बलिदान दिया. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की शौर्य गाथा पूरी दुनिया के लिए प्रेरणादायक है परंतु आदिवासी समाज के गौरवशाली शौर्य गाथा को देश की सबसे पुरानी पार्टी ने भुलाने का काम किया परंतु आजादी के बाद पहली बार लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के वीर सपूत भगवान बिरसा मुंडा एवं अन्य वीरों को सम्मान दिया. उन्होंने कहा कि झारखंड में विघटनकारी एवं विदेशी शक्तियां छल-बल और प्रलोभन देकर आदिवासियों की परंपरा, अस्मिता और उनकी संस्कृति को खत्म करने का षड्यंत्र कर रही है. वर्तमान सरकार ऐसी शक्तियों को संरक्षण देकर आदिवासी समाज को भी छलने का कार्य कर रही है. श्री दास ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने आदिवासियों के परंपरा, भाषा और संस्कृति संरक्षण हेतु धर्मांतरण कानून बनाया. सरना स्थल के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ कराया. आदिवासी समाज के मानकी, मुंडा, हो एवं अन्य लोगों को मानदेय देने का कार्य किया, परंतु वर्तमान सरकार ने मानदेय की राशि बंद कर आदिवासी समाज के लोगों के साथ विश्वासघात किया है. उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी हमारे झारखंड के वीर सपूतों से प्रेरणा लें और अपनी संस्कृति और परंपरा के संरक्षण का संकल्प लें. वहीं, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू ने कहा कि आदिवासी समाज प्रकति प्रेमी हैं. आदिवासी समाज ही पूरे विश्व को शांति को संदेश दे सकता है. इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गूंजन यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, मोर्चा के जिला महामंत्री रमेश नाग, जिला उपाध्यक्ष रमेश बासके, उपाध्यक्ष चांदमुनि कुंकल, पुष्पा तिर्की, जनजाति मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता काजू शांडिल, रामसिंह मुंडा, सुरेश शर्मा, बिनोद ओमांग, अनुप टोप्पो, संजय मुंडा, विजय मार्डी, भूषण मुर्मू, त्रिलोक पांडया, फिलिप तिर्की, पवन सोलंकी समेत समाज के अन्य लोग उपस्थित थे.





