
जमशेदपुर : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा झारखंड राज्य में ग्रुप थ्री और ग्रुप फॉर की चयन परीक्षा में राष्ट्रभाषा हिंदी को हटा दिया गया है और उर्दू को शामिल किया गया है. इसे लेकर योगी यूथ ब्रिगेड ने बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम एक पत्र उपायुक्त कार्यालय में सौंपा. इस दौरान ब्रिगेड की ओर से कहा गया है हिंदी एक ऐसी भाषा जो देश में सबसे ज्यादा बोली जाती है. इस भाषा को झारखंड में खत्म कर देना हिंदी भाषा-भाषियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ करना है. ऐसे में योगी यूथ ब्रिगेड ने ऐलान किया है कि राज्य सरकार राष्ट्रभाषा हिंदी को प्राथमिकता दे, नहीं तो जोरदार आंदोलन होगा. इस दौरान संगठन के समरेश सिंह समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे.




