जमशेदपुर : जमशेदपुर के खासमहल स्थित सदर अस्पताल परिसर में शुक्रवार की दोपहर नवजात की मौत के बाद मृतक के परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. इधर मामला बढ़ता देख अस्पताल प्रबंधन ने परसुडीह पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामले को शांत कराया. मिली जानकारी के अनुसार 24 अगस्त को जुगसलाई एमई स्कूल रोड निवासी पवन कुमार ने अपनी पत्नी को प्रसव पीड़ा के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया था जहां उनकी पत्नी ने एक बच्चे को जन्म दिया. (नीचे पूरी खबर देखें)

बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उसे बेबी केयर में रखा गया. बेबी केयर में इलाज के दौरान शुक्रवार को बच्चे की मौत हो गई. परिजनों को जब नवजात की मौत की जानकारी दी गई तो उन्होने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में बच्चे की स्थिती ठीक बताई जा रही थी फिर अचानक से मौत की खबर कैसे दी गई. उन्होने आरोप लगाया कि अस्पताल में जितने भी बच्चे इलाज के लिए भर्ती होते है सब के साथ बुरा व्यवहार किया जाता है. इसकी शिकायत सिविल सर्जन से की गई है.




