
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले में एक बार फिर से ममता शर्मसार हुई है, जहां आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 17 स्थित हेवेन्स पैलेस के समीप एक नवजात का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई है. मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पार्षद मौके पर पहुंचीं और इसकी जानकारी स्थानीय थाने को दी. मौके पर पहुंची आदित्यपुर थाना पुलिस ने नवजात के शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. विदित हो कि जिस जगह से नवजात का शव बरामद किया गया है. वहां आसपास कई फ्लैट और बहुमंजिला इमारतें हैं. इसके अलावा तीन-तीन नर्सिंग होम भी हैं. (नीचे भी पढ़ें व देखें वीडियो)
स्थानीय लोगों के अनुसार एक ऑटो से नवजात को फेंकते देखा गया है. ऐसे में अहम सवाल यह उठता है कि आखिर दिन के उजाले में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना को अंजाम किसने दिया है. गहनता से अगर पूरे मामले की जांच हो तो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से साफ हो जाएगा कि इस शर्मसार कर देने वाली घटना को अंजाम किसने दिया है. पार्षद नीतू शर्मा ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है. हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नवजात लड़की है या लड़का.




