
जमशेदपुर : जमशेदपुर में आदिवासी मूलवासियों को उनके हक और अधिकार दिए जाने की मांग को लेकर आगामी 13 दिसंबर को टाटा स्टील जनरल ऑफिस गेट को माझी परगना महाल द्वारा जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा. एक वार्ता के दौरान माझी परगना महाल की ओर से इसकी जानकारी बुधवार को दी गयी. कहा गया कि टाटा कंपनी कोल्हान की धरती पर 100 वर्षों से बसी हुई है, यहां के आदिवासी मूलवासियों ने अपनी जमीन को कंपनी को यह सोच कर सौंपा कि उनका भविष्य उज्ज्वल होगा, पर हुआ इसका उल्टा. उन्होंने कहा कि तरह-तरह के दिखावटी कार्यक्रमों का आयोजन कर टाटा स्टील करोड़ों रुपये उड़ाती है, लेकिन कभी आदिवासियों की समस्याओं के निराकरण के दिशा में कोई सार्थक कदम नही उठाया गया. यहां तक कि अप्रेंटिस की बहाली में भी यहां के लोगों को दरकिनार कर बाहरी राज्यों के लोगों को बहाल किया गया, जो एक छलावा है और इसी कारण आज माझी परगना महाल आंदोलन को विवश है. वैसे झामुमो भी पूर्व से कंपनी के नीतियों का विरोध करते हुए आंदोलन कर रही है, और माझी परगना महाल के इस आंदोलन से झामुमो को बल भी मिलेगा.




