रांची : झारखंड का मुरी और पिस्का स्टेशन अमृत भारत स्टेशन के रूप में पुनर्विकसित किया गया है. ये दोनों स्टेशन देश के चुनिंदा 75 पुनर्विकसित स्टेशनों में शामिल हुआ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के जालंधर कैँट से सभी 75 स्टेशनों का लोकार्पण किया. झारखंड के पिस्का स्टेशन में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शामिल हुए. समारोह में मंत्री दीपक बिरुआ, सांसद महुआ माजी और भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, दक्षिण-पूर्वी रेलवे के जीएम अनिल कुमार जैन, डीआरएम करूणा निधि सिंह और डीसीएम श्रेया सिंह शामिल हुईं. समारोह में राज्यपाल श्री गंगवार अमृत भारत स्टेशन योजना केवल रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की योजना नहीं, बल्कि आधुनिक, सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल व यात्री-केंद्रित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. भारतीय रेल नई उंचाइयों की ओर अग्रसर है, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा का अनुभव प्राप्त हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि पुनर्विकसित पिस्का एवं मुरी रेलवे स्टेशन झारखंड के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हैं. भारत की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन के शुभारंभ को स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की दिशा में देश की ऐतिहासिक उपलब्धि है. राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल आधुनिक, सुरक्षित व विश्व-स्तरीय परिवहन व्यवस्था के रूप में निरंतर विकसित हो रही है. मंत्री दीपिक बिरुआ ने कहा कि झारखंड विकास के प्रति सकारात्मक सोच रखता है. केंद्र और राज्य सरकार मिलकर ही झारखंड का विकास कर सकते हैं. मुख्यमंत्री चाहते हैं कि विकसित झारखंड के लिए मिलकर प्रयास हो. समारोह में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किये. लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे थे. राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने समारोह में कहा कि रेलवे देश का लाइफ लाइन है. एयरपोर्ट की तरह इसका निजीकरण ना हो. श्री माजी ने कहा कि हवाई जहाज के टिकट की कीमत बढ़ती-घटती है. रेल से गरीब भी यात्रा कर सकता है. श्रीमती माजी ने कहा कि इसरो के 100 से ज्यादा वैज्ञानिकों ने नौकरी छोड़ दी. केंद्र सरकार की नीति के कारण प्राइवेट में काम करेंगे. झारखंड में सर्वाधिक खनिज है. लेकिन झारखंड का विकास नहीं हो पाया. झारखंड में आने वाले दिनों में दूसरे रेलवे स्टेशन की सुविधा बढ़ायी जाये. भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता संभालने के बाद आधारभूत संरचना में अभूतपूर्व बदलाव आया है. प्रधानमंत्री विकसित भारत के संकल्प को पूरा कर रहे हैं. झारखंड में केंद्र सरकार के सहयोग से तेजी से विकास हो रहा है. रेलवे के अधिकारी बधाई के पात्र हैं. उन्होंने कहा कि रांची, हटिया, पिस्का-नगड़ी स्टेशन के विकास के लिए 800 करोड़ की योजना है. केंद्र सरकार रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टैंड, एनएचआइ के तहत सड़कों के निर्माण के क्षेत्र में बड़े काम किये हैं.







