
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई विधानसभा अंतर्गत दक्षिणी सुसनीगेड़या पंचायत के की कई बस्तियों में वर्षों से बिजली नहीं है. इस कारण स्थानीय लोग ढिबरी युग में जी रहे हैं. इस समस्या से निजात दिलाने के लिए जुगसलाई विधान सभा संघर्ष संघ के बैनर तले व संघ के संरक्षक दुखू मछुआ के नेतृत्व में स्थानीय लोग उपायुक्त कार्यालय पहुंचे. उन्होंने उपायुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में कहा गया है कि दक्षिणी सुसनीगेड़िया पंचायतत के लोको कॉलोनी बिरसा टोला, हरिजन बस्ती, महतो पाड़ा में वर्षों से बसे गरीब तबके के लोगों को बिजली देने की मांग की गयी है. साथ ही यह सवाल उठाया गया है कि इन बस्तियों के लोगों को वोट देने का अधिकार है, लेकिन उन्हें बिजली के अधिकार से वंचित क्यों रखा गया है. दुखू मछुआ ने कहा कि क्षेत्र की इस समस्या के समाधान के लिए कई बार विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया गया, लेकिन अब तक इस समस्या का हल नहीं निकल सका है.




