
जमशेदपुर : टेल्को वर्कस यूनियन तथा टाटा मोटर्स द्वारा महान मजदूर नेता स्व गोपेश्वर की जंयती पर आयोजित रक्तदान शिविर में 1800 यूनिट से अधिक रक्तदान का कीर्तिमान बनाने पर जिला के उपायुक्त सह अध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम सूरज कूमार तथा रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने पूरी टीम को इस ऐतिहासिक रक्तदान शिविर के लिए बधाई दी है. साथ ही मानवता की सेवा के लिए रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है, जिन्होने इस महारक्तदान शिविर में अपना रक्तदान किया. दूसरी ओर, भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति नेत्र ज्योति महायज्ञ का आयोजन जनवरी 2022 में 8 से 11 जनवरी तक बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में किया जायेगा. 8 जनवरी को नेत्र रोगियों का रजिस्ट्रेशन शिविर स्थल पर ही प्रातः 8 बजे से किया जायेगा. स्व केके सिंह के पुण्य स्मृति में आयोजित होने वाले नेत्र ज्योति महायज्ञ में 8 जनवरी को उद्घाटन समारोह के साथ नेत्र रोगियों के आंखों की जांच की जायेगी तथा मोतियाबिन्द ग्रस्त नेत्र रोगियों का चयन किया जायेगा. 9 एवं 10 जनवरी को नेत्र रोगियों के आंखों का ऑपरेशन चिकित्सीय टीम द्वारा किया जायेगा. 11 जनवरी को ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियो के आंखों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच की जायेगी तथा विदाई समारोह में नेत्र रोगियों को चश्मा दवा व उपहार प्रदान कर विदा किया जायेगा.






