
जमशेदपुर : जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान में लगातार दो दिन से बारिश के बाद आज से ठंड बढ़ने का एहसास होने लगा. वहीं बादलों के बीच धूप-छांव की स्थिति बनी है. बीते 24 घंटों में शहर में 35 एमएम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि साइक्लोन का असर धीरे-धीरे झारखंड में कमजोर हो रहा है. इससे आज केवल उत्तर-पूर्वी जिले यानी देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ तथा साहेबगंज में बारिश होगी. इन जिलों में आज बूंदा-बांदी की संभावना है. वहीं 31 दिसंबर से मौसम साफ रहेगा, परन्तु बारिश के कारण मौसम में नमी बनी रहेगी, जिससे राज्य में सुबह कोहरा व धुंध से लोगों को परेशानी होगी. (नीचे पढ़ें पूरी खबर)
मौसम विभाग का पूर्वानुमान-
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 31 दिसंबर से 06 जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा और ठंड से न्यूनतम व अधिकतम तापमान में गिरावट होगी. वहीं 7 से 13 जनवरी के बीच हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. दूसरी ओर पूर्वानुमान में यह भी बताया गया है कि जनवरी के पहले सप्ताह में झारखंड का अधिकतम तापमान 19 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 05 से 15 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. वहीं दूसरे सप्ताह यानी 7-13 जनवरी के बीच 20 से 30 डिग्री सेल्सियस अधिकतम व न्यूनतम तापमान 7-17 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं.




