सरायकेला: सामुदायिक कल्याण, जनस्वास्थ्य एवं टीबी उन्मूलन की दिशा में किये उल्लेखनीय लोकोपकारी कार्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड (एपीएनआरएल) को सम्मानित किया गया.गुरूवार को सरायकेला-खरसावां स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में सिविल सर्जन डॉ सरयू प्रसाद सिंह ने कंपनी को विशेष रूप से क्षय रोग (टीबी) के उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान‘प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान’में योगदान देने तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान प्रदान किया.
सिविल सर्जन कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित समारोह में कंपनी के‘निक्षय मित्र’के रूप में पंजीकरण कराने और टीबी का उपचार करा रहे मरीजों को सहयोग प्रदान करने के प्रयासों की सराहना की गई. (नीचे भी पढ़े)
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी प्रमाणपत्र के माध्यम से देश को टीबी मुक्त बनाने के राष्ट्रीय अभियान में एपीएनआरएल की सहभागिता को मान्यता दी गई. इस अवसर पर सरायकेला-खरसावां के सिविल सर्जन डॉ सरयू प्रसाद सिंह एवं जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण चौधरी ने कंपनी को सम्मानित किया. दोनों अधिकारियों ने जनस्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में एपीएनआरएल द्वारा किए जा रहे प्रयासों और पहलों की व्यक्तिगत रूप से सराहना की. कंपनी की ओर से संजीत कुमार सिन्हा, प्रमुख कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) तथा कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस विभाग के हेड बलजीत संसोआ ने सम्मान एवं प्रमाण पत्र प्राप्त किया. इस बीच, संजीत कुमार सिन्हा ने ‘जोश’ (जॉइंट स्क्वॉड फॉर हेल्थ) कार्यक्रम के शुभारंभ एवं पुरस्कार वितरण समारोह में भी भाग लिया. यह पहल जनस्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और विभिन्न पक्षों के संयुक्त प्रयासों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.




